जल्द ही म.प्र. को सेमीकंडक्टर निर्माण की सौगात मिलेगी
भोपाल [ महा मीडिया] म.प्र. को सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाली यूनिट उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में स्थापित होने की तैयारी है। पारस डिफेंस कंपनी ने यूनिट के लिए एमपीआईडीसी से करीब 55 एकड़ जमीन मांगी है। जमीन और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भूमि पूजन की तैयारी है। इसके लिए जमीन की प्रक्रिया चल रही है। कंपनी के अधिकारी उज्जैन आकर प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण भी कर चुके हैं। यूनिट शुरू होने के बाद यहां से सेमीकंडक्टर चिप का निर्माण किया जाएगा। इससे उज्जैन प्रदेश में सेमीकंडक्टर निर्माण का प्रमुख केंद्र बन सकता है। चिप की जरूरत वाली देश-विदेश की कंपनियों के लिए भी उज्जैन एक अहम सप्लाई हब के रूप में विकसित होने की संभावना है। सेमीकंडक्टर निर्माण एक जटिल प्रक्रिया है जिसके जरिए सिलिकॉन वेफर्स पर सूक्ष्म इलेक्ट्रॉनिक सर्किट बनाए जाते हैं।