ग्वालियर में अंतरराज्यीय बीमा सिंडिकेट का भंडाफोड़
भोपाल [ महामीडिया]
ग्वालियर-चंबल अंचल में वाहनों के 411 फर्जी एक्सीडेंट क्लेम के नाम पर राशि हड़पने वाले बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ है। सरकारी क्षेत्र की कंपनी 'द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड' के साथ 4.30 करोड़ रुपये के घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो भोपाल ने ग्वालियर के दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। कई अज्ञात सरकारी कर्मचारियों व निजी व्यक्तियों को भी इसमें शामिल किया है। कार्रवाई कंपनी के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय के उप महाप्रबंधक की लिखित शिकायत और आंतरिक जांच रिपोर्ट के बाद की गई है। सीबीआई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद डी. मोरे को इस मामले की जांच सौंपी गई है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ज्यादातर मारुति और हुंडई जैसी कंपनियों के 'ऑटो-टाई अप' पॉलिसियों को निशाना बनाया। इसके अलावा पालिसी बाजार और क्विक इंश्योर जैसे ऑनलाइन इंश्योरेंस ब्रोकर पोर्टल्स के माध्यम से जारी पॉलिसियों में डिजिटल कमियों का लाभ उठाकर बीमा भुगतान प्राप्त किया।