म. प्र. के किसानों के लिए कृषि परामर्श जारी
भोपाल [ महा मीडिया] कृषि वैज्ञानिकों ने मध्य प्रदेश ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण कृषि परामर्श (एडवायजरी) जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है बल्कि कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार परिस्थितियों का आकलन करते हुए ही खरीफ फसलों की बुआई का निर्णय लेना चाहिए। विभाग ने किसानों से अपील की है कि मौसम पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखें खेतों में पर्याप्त नमी बनने के बाद ही बुआई करें तथा प्रमाणित बीजों और अनुशंसित कृषि तकनीकों का उपयोग करें। साथ ही जहां संभव हो, वर्षा जल का संरक्षण और उपलब्ध सिंचाई संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया जाए ।कृषि विभाग का मानना है कि वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप कृषि कार्य करने से मौसम की अनिश्चितताओं का प्रभाव काफी हद तक कम किया जा सकता है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेशभर में कृषि विस्तार अधिकारी और मैदानी अमला किसानों के साथ निरंतर संपर्क में रहेगा तथा हर स्तर पर आवश्यक तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगा ताकि खरीफ सीजन में किसानों को बेहतर उत्पादन और आर्थिक लाभ मिल सके।